लखनऊ: 2026नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने संगम सभागार, लखनऊ में नगर विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान मंत्री ने स्पष्ट किया कि शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं सरकार की शीर्ष प्राथमिकता हैं और इनमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मंत्री श्री शर्मा ने स्मार्ट सिटी मिशन, गौशाला, डॉग शेल्टर, आकांक्षी नगर योजना, वैश्विक नगरोदय योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, सीएम ग्रिड योजना, स्मार्ट पालिका, पंडित दीनदयाल नगरीय विकास योजना सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में कार्य की गति तेज हो और उनके परिणाम धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दें।
आवासीय योजनाओं की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर मंत्री ने असंतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय योजनाएं सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की देरी जनहित के विपरीत है। इसके साथ ही उन्होंने सीएम ग्रिड योजना को पालिका स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए ताकि शहरी आधारभूत ढांचा मजबूत बनाया जा सके।मंत्री श्री शर्मा ने यह भी निर्देश दिए कि आवश्यक और महत्वपूर्ण कार्यों से संबंधित फाइलें अनावश्यक रूप से लंबित न रहें और निर्णय प्रक्रिया में तेजी लाकर योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से जनता तक पहुंचाया जाए। बैठक में जल निकासी व्यवस्था, झील, तालाब, पोखर, वंदन एवं अंत्येष्टि स्थलों से संबंधित कार्यों के पुनर्विनियोग और कैडर रिव्यू की स्थिति की समीक्षा भी की गई।
मंत्री ने इन मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस समीक्षा बैठक में नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री पी. गुरु प्रसाद, सचिव/निदेशक नगरीय निकाय श्री अनुज झा, सचिव/एमडी जल निगम श्री रविंद्र कुमार प्रथम, विशेष सचिव सूडा/जेएमडी जल निगम श्री प्रवीण लक्ष्यकार, विशेष सचिव श्री सत्यप्रकाश पटेल, विशेष सचिव श्री महेंद्र बहादुर सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
