लखनऊ। लखनऊ पुलिस ने जनपद में अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों के खिलाफ 13 जनवरी 2026 को व्यापक और प्रभावी चेकिंग अभियान संचालित किया। इस अभियान के दौरान कुल 95 स्थानों पर निगरानी रखी गई और 1812 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान 22 वाहन बिना वैध दस्तावेज, बिना परमिट या यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण जब्त किए गए, जबकि 125 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई।यह अभियान पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट लखनऊ के निर्देशन एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त (जोन/यातायात) ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षकों, थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षकों एवं चौकी प्रभारियों को सघन निगरानी और स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। सभी जोनों में चेकिंग टीमों को प्रमुख चौराहों, बस अड्डों, रेलवे मार्गों, बाजार क्षेत्रों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील बिंदुओं पर तैनात किया गया।अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना परमिट और पंजीकरण संचालित वाहनों पर रोक लगाना, यातायात नियमों के उल्लंघन को नियंत्रित करना, सार्वजनिक मार्गों पर अवैध अतिक्रमण और अवरोध समाप्त करना, सड़क सुरक्षा सुदृढ़ करना और दुर्घटनाओं की रोकथाम करना था। इसके साथ ही अभियान से आमजन में कानून के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का प्रयास भी किया गया।लखनऊ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि केवल वैध, पंजीकृत और नियमों के अनुरूप संचालित वाहनों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अभियान भविष्य में निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
