लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना गोसाईगंज पुलिस ने मकान का दरवाजा तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई हालिया चोरी की घटना का सफल अनावरण हुआ है।पुलिस के अनुसार कस्बा गोसाईगंज के साहनटोला निवासी पंकज गुप्ता ने थाना गोसाईगंज में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया था कि वह अपने परिवार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जनपद कानपुर गए हुए थे। 06 फरवरी 2026 को जब वह वापस अपने घर लौटे तो उन्होंने घर का दरवाजा टूटा हुआ पाया और भीतर का सामान बिखरा हुआ था। चोरी की आशंका होने पर उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पड़ोस में रहने वाला सूरज मिश्रा घर के अंदर चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।इस संबंध में थाना गोसाईगंज पर मु0अ0सं0 48/26 धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर 06 फरवरी 2026 की देर रात अभियुक्त सूरज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस गिरफ्त में आए अभियुक्त के कब्जे से चोरी की एक जोड़ी पायल और 720 रुपये नगद बरामद किए गए, जिसके आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त सूरज मिश्रा, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी मातनटोला कस्बा गोसाईगंज, एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना गोसाईगंज में आठ तथा थाना चिनहट में एक मुकदमा पहले से दर्ज है। इन मामलों में चोरी, चोरी का माल रखने, एनडीपीएस एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराएं शामिल हैं।पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक लाल सिंह, उप निरीक्षक चरन सिंह और कांस्टेबल रंजीत कुमार शामिल रहे।
