लखनऊ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में नए-नए प्रकार के माफिया पैदा किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में एनकाउंटर माफिया, कप सिरप माफिया, नीट माफिया और विभिन्न घोटालों से जुड़े माफिया सक्रिय हो गए हैं। यह स्थिति प्रदेश की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।
कानपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने में विफल रही है, जिसके कारण कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में निवेश नहीं आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में सरकार ने एक भी यूनिट बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया, और वर्तमान में जो बिजली मिल रही है वह पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार के समय स्थापित संयंत्रों से प्राप्त हो रही है।उन्होंने कानपुर की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर को बदनाम कर दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक गरीब ब्राह्मण मां-बेटी की झोपड़ी जलाए जाने की घटना, गंगा में गिरते नालों का मुद्दा तथा प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भ्रष्टाचार के आरोप जैसे कई मामलों ने शहर की छवि को धूमिल किया है। श्री यादव ने कहा कि यदि कानपुर में पारदर्शी नियम और बेहतर माहौल बनाया जाए तो यहां बड़े पैमाने पर निवेश आ सकता है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर इटावा, कन्नौज और कानपुर को मिलाकर ‘त्रिकोण व्यापार’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने गंगा नदी के किनारे बेहतर तटविकास की योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि लखनऊ की गोमती से भी सुंदर तट विकसित किया जाएगा। उन्होंने लाल इमली को पुनः सक्रिय करने, उद्योगों और वस्त्र उद्योग को समर्थन देने तथा रियल एस्टेट के बेहतर उपयोग से नया कानपुर बनाने की बात कही।भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब भाजपा कमजोर होती है तो वह सांप्रदायिक रास्ता अपनाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में सर्वाधिक फर्जी एनकाउंटर हुए हैं और न्याय देने का अधिकार केवल न्यायालय को है, पुलिस को नहीं।युवाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री यादव ने कहा कि प्रदेश का नौजवान हताश और निराश है क्योंकि उसे रोजगार और नौकरी नहीं मिल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आरक्षण से बचने के लिए नियुक्तियां नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सबको जोड़ने का कार्य कर रही है और सरकार बनने पर विकास को नई गति दी जाएगी।धार्मिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने भाजपा पर सनातन परंपरा के अपमान का आरोप लगाया और कहा कि कई धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाया गया है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण किया जा रहा है और बड़े रक्षा सौदों पर भारी खर्च किया जा रहा है, जबकि देशी उद्योग और स्वदेशी आंदोलन की अनदेखी हो रही है।अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास और सामाजिक न्याय के लिए वैकल्पिक नीतियों की आवश्यकता है, जिसे समाजवादी पार्टी लागू करने के लिए प्रतिबद्
