लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के मध्य जोन अंतर्गत थाना हुसैनगंज पुलिस ने जान से मारने की नीयत से किए गए हमले के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने यह कार्रवाई थाना हुसैनगंज पर दर्ज मुकदमा संख्या 0002/2026 के तहत की है, जिसमें आरोपियों पर एकराय होकर धारदार हथियार से हमला करने का गंभीर आरोप है।पुलिस के अनुसार यह मुकदमा 12 जनवरी 2026 को पुराना किला क्षेत्र निवासी नान बच्ची द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर दर्ज किया गया था। आरोप है कि नामजद अभियुक्तों ने एकजुट होकर वादिनी के पुत्र पर धारदार हथियार से हमला किया और उसकी हत्या करने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।13 जनवरी 2026 को थाना हुसैनगंज पुलिस टीम ने अभियोग से संबंधित चारों आरोपियों सुहैल पुत्र रज्जब, समद पुत्र सुलेमान उर्फ पठान, अरमान पुत्र स्वर्गीय कल्लू और कृष्णा पुत्र स्वर्गीय रामदुलारे को एलिवेटेड रोड के किनारे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्त पुराना किला और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है और उनके आपराधिक इतिहास के संबंध में अन्य थानों और जनपदों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त अरमान का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में थाना हुसैनगंज में धारा 188 और 271 के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य अभियुक्तों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।इस पूरी कार्रवाई में थाना हुसैनगंज के थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
