धनपतगंज/सुल्तानपुर। सुल्तानपुर जिले के धनपतगंज विकासखंड की सरैया भरथी कामापुर के युवा प्रतिनिधि दीपांशु रावत ने ’विकसित भारत 2047’ के स्टार्टअप विजन को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें नई दिल्ली के भारत मंडपम में 9 से 12 जनवरी 2026 तक आयोजित ’विकसित भारत यूथ लीडर डायलॉग 2026’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम के लिए देशभर से 50 लाख से अधिक छात्रों ने प्रारंभिक क्विज में भाग लिया था।
इसके बाद जिला, मंडल और राज्य स्तर की कठिन चयन प्रक्रिया के बाद दीपांशु रावत का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ। संवाद कार्यक्रम में उन्होंने ’विकसित भारत 2047ः स्टार्टअप के माध्यम से राष्ट्र निर्माण’ विषय पर अपनी प्रस्तुति दी, जिसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। दीपांशु रावत ने बताया कि यदि युवाओं को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलें, तो वे स्टार्टअप के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है.
