लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित तकरोही इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति के एक मामूली मजाक ने खुशहाल घर को मातम में बदल दिया। मॉडलिंग की शौकीन 23 वर्षीय तन्नू सिंह अपने लुक को लेकर बेहद संवेदनशील थीं। बुधवार शाम पति राहुल सिंह ने मजाक में उन्हें “बंदरिया” कह दिया। यह बात तन्नू को इतनी गहरी चोट दे गई कि उन्होंने अपनी जान ले ली।
बताया जा रहा है कि बुधवार को परिवार के सभी सदस्य सीतापुर में एक रिश्तेदार के यहां से लौटे थे। घर का माहौल खुशनुमा था, हंसी-मजाक चल रहा था। इसी दौरान तन्नू की साली के सामने राहुल ने मजाक में यह शब्द कह दिया। बात तन्नू के दिल को चुभ गई। वह बिना कुछ कहे अपने कमरे में चली गईं।

परिजनों को लगा कि कुछ देर में गुस्सा शांत हो जाएगा। करीब एक घंटे बाद जब उन्हें खाने के लिए बुलाया गया और कोई जवाब नहीं मिला, तो पति ने कमरे का दरवाजा खोला। अंदर का नज़ारा देखकर सबके होश उड़ गए—तन्नू की डेडबॉडी कमरे में पड़ी थी।
तन्नू और राहुल ने लव मैरिज की थी। तन्नू मॉडलिंग में करियर बनाना चाहती थीं और अपने व्यक्तित्व को लेकर काफी सजग रहती थीं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
