PM Modi Lucknow visit: पीएम मोदी 25 दिसंबर को लखनऊ आ रहे हैं। वह राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई।
शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। विभाग की ओर से केजीएमयू, पीजीआई और लोकबंधु अस्पताल को सेफ हाउस के रूप में चिन्हित किया गया है। लोकबंधु अस्पताल की मेडिकल टीम एयरपोर्ट पर तैनात रहेगी। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं की व्यवस्था की गई है और प्रधानमंत्री के ब्लड ग्रुप से जुड़े लाइव डोनरों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए पीजीआई और केजीएमयू को सेफ हाउस बनाया गया है। इन दोनों अस्पतालों में अत्याधुनिक सुविधाओं वाले बेड पहले से आरक्षित कर दिए गए हैं। साथ ही डॉक्टरों और स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
इसके अलावा लोकबंधु अस्पताल को तीसरे सेफ हाउस के रूप में चुना गया है, जहां डॉक्टर और स्टाफ एयरपोर्ट पर तैनात रहेंगे।
प्रधानमंत्री के शहर में आने से लेकर रवाना होने तक 20 बीएलएस (बेसिक लाइफ सपोर्ट) और चार एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस पूरी तरह अलर्ट रहेंगी। पीएम के ब्लड ग्रुप के दो लाइव डोनर उनकी फ्लीट के साथ मौजूद रहेंगे। सभी ब्लड बैंकों को प्रधानमंत्री के ब्लड ग्रुप का रक्त सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल की पार्किंग में डॉक्टर और स्टाफ की 20 मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी, जबकि प्रधानमंत्री की फ्लीट के साथ चार मेडिकल टीमें लगातार मौजूद रहेंगी।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल के आसपास के 126 विद्यालय 24 व 25 दिसंबर को पढ़ाई नहीं होगी। इन विद्यालयों के भवन को प्रशासनिक व्यवस्था के लिए आरक्षित किया गया है। लखनऊ पुलिस आयुक्त ने समस्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधन को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।
पुलिस आयुक्त ने बताया है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में आने वाले पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों के ठहराव और पार्किंग के लिए एक दिन पहले 24 दिसंबर से विद्यालय भवनों को रिजर्व में लिया गया है। इसके अतिरिक्त 25 दिसंबर को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री, मुख्यमंत्री, अन्य विशिष्ट अतिथियों एवं बड़ी संख्या में लोगों के आगमन के दौरान स्कूली बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो इसलिए कार्यक्रम समाप्ति तक विद्यालय बंद रखने के लिए निर्देशित किया गया है।
25 दिसंबर को बदलेगा राजधानी का यातायात
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन लागू
25 दिसंबर को प्रधानमंत्री राजधानी में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में यातायात डायवर्जन लागू किया है।
यह व्यवस्था 24 दिसंबर की रात 12 बजे से लेकर कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
👉 आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, फायर सर्विस, स्कूल वाहन और शव वाहन को प्रतिबंधित मार्गों पर भी आवागमन की अनुमति रहेगी।
📞 ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी के लिए कंट्रोल नंबर: 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
🔁 शहर के अंदर लागू रहेगा यह डायवर्जन
मलिहाबाद चौराहा से बाजनगर किसान पथ व छंदोईया की ओर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन जीरो पॉइंट–मोहान रोड से जाएंगे।
मुंजासा तिराहा से बाजनगर किसान पथ की ओर वाहनों का प्रवेश नहीं होगा, इन्हें भी जीरो पॉइंट से भेजा जाएगा।
बाजनगर किसान पथ अंडरपास से छंदोईया बाईपास की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन किसान पथ का उपयोग करेंगे।
कसमंडी (हमसफर लॉन) अंडरपास से अंधे की चौकी की ओर यातायात बंद रहेगा, वाहन किसान पथ से जाएंगे।
छंदोईया बाईपास तिराहा से कार्यक्रम स्थल व भिठौली तिराहे की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
तिकोनिया तिराहा से दुबग्गा व छंदोईया बाईपास की ओर भारी वाहन नहीं जाएंगे। इन्हें नहर तिराहा–मोहान रोड से भेजा जाएगा।
भिठौली तिराहा से कार्यक्रम स्थल की ओर यातायात बंद रहेगा। वाहन सैरपुर, बख्शी का तालाब या इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से जाएंगे।
नया पक्कापुल व कुड़ियाघाट तिराहा से कार्यक्रम स्थल व घैला तिराहे की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
दुबग्गा तिराहा से छंदोईया व सीतापुर बाईपास की ओर यातायात नहीं होगा।
नहरपुल तिराहा से बुद्धेश्वर की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
🚚 बाहर से आने वाले भारी वाहनों के लिए अलग रूट
कानपुर की ओर से आने वाले वाहन फतेहपुर, लालगंज, हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे।
उन्नाव की ओर से आने वाले वाहन पुरवा, मौरावां, बछरावां, हैदरगढ़ होकर जाएंगे।
सीतापुर की ओर से आने वाले वाहन बहराइच–गोंडा–बलरामपुर रूट से भेजे जाएंगे।
हरदोई, रायबरेली, बाराबंकी, सुल्तानपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उपयोग निर्धारित किया गया है।
👮♂️ सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जेसीपी (एलओ) बबलू कुमार के अनुसार:
18 डीसीपी, 26 एडीसीपी, 80 एसीपी
189 इंस्पेक्टर, 1367 दरोगा
4312 सिपाही, 997 महिला सिपाही
18 कंपनी पीएसी, 4 कंपनी आरएएफ
एनएसजी की 2 टीमें, एटीएस की 1 टीम
एंटी-ड्रोन, बम निरोधक, एंटी माइन व एंटी सबोटाज टीमें तैनात
📹 पूरे क्षेत्र में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, क्विक रिस्पांस टीम और रिजर्व फोर्स भी मौजूद रहेगी।
