भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। प्रोफेशनल क्रिकेट में कदम रखने के बाद से लगातार रिकॉर्ड बना रहे वैभव अब कप्तानी के मोर्चे पर भी इतिहास रच चुके हैं। साउथ अफ्रीका दौरे पर अंडर-19 भारतीय टीम की कमान संभाल रहे वैभव सूर्यवंशी सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय सीरीज जीतने वाले कप्तान बन गए हैं।
महज 14 साल की उम्र में पहली बार कप्तानी कर रहे वैभव के नेतृत्व में भारत ने दूसरे वनडे मुकाबले में साउथ अफ्रीका को डीएलएस नियम के आधार पर 8 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम ने 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
बल्लेबाजी के दम पर पहले ही सुर्खियां बटोर चुके वैभव सूर्यवंशी ने अब अपनी कप्तानी से भी सभी को प्रभावित किया है। उनकी समझदारी भरी रणनीति और शांत नेतृत्व ने यह साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य के लिए एक बेहतरीन खिलाड़ी और कप्तान मिल चुका है।
