भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) 21 जनवरी से राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर भारत अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (आईआईसीडीईएम) 2026 की मेजबानी करेगा। इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आईआईसीडीईएम) के तत्वावधान में आयोजित यह तीन दिवसीय सम्मेलन 23 जनवरी तक चलेगा।
भारत द्वारा आयोजित अपनी तरह का अब तक का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन
चुनाव आयोग ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि आईआईसीडीईएम 2026 लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में भारत द्वारा आयोजित अपनी तरह का अब तक का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन होगा।
70 देशों के 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि होंगे शामिल
चुनाव आयोग के अनुसार, सम्मेलन में दुनिया भर के 70 से अधिक देशों से करीब 100 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय संगठनों, भारत में स्थित विदेशी मिशनों तथा चुनावी क्षेत्र से जुड़े एकेडमिक और प्रैक्टिसिंग एक्सपर्ट्स भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
21 जनवरी को होगा उद्घाटन सत्र
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ 21 जनवरी को उद्घाटन सत्र में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों का स्वागत करेंगे और सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत करेंगे।
चुनाव प्रबंधन से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर मंथन
तीन दिवसीय सम्मेलन में चुनाव प्रबंधन निकायों (ईएमबी) से जुड़े सामान्य और पूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें उद्घाटन सत्र, ईएमबी नेताओं का पूर्ण सत्र, ईएमबी कार्यकारी समूह की बैठकें और वैश्विक चुनावी चुनौतियों, मॉडल अंतरराष्ट्रीय चुनावी मानकों, चुनावी प्रक्रियाओं में नवाचार और सर्वोत्तम प्रथाओं पर केंद्रित विषयगत सत्र शामिल होंगे।
36 थीमेटिक ग्रुप करेंगे विस्तृत चर्चा
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) के नेतृत्व में कुल 36 थीमेटिक ग्रुप सम्मेलन के दौरान विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा करेंगे। इन चर्चाओं में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एकेडमिक एक्सपर्ट्स का सहयोग रहेगा।
आईआईटी, आईआईएम और एनएलयू की भागीदारी
चुनाव आयोग ने बताया कि इन चर्चाओं में देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान भी भाग लेंगे, जिनमें 4 आईआईटी, 6 आईआईएम, 12 नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू) और भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) शामिल हैं।
ईएमबी के साथ 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकें
आयोग दुनिया भर के चुनाव प्रबंधन निकायों के समक्ष आने वाली चुनौतियों पर सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से 40 से अधिक द्विपक्षीय बैठकें भी आयोजित करेगा।
ईसीनेट का होगा औपचारिक शुभारंभ
सम्मेलन के दौरान चुनाव आयोग औपचारिक रूप से ‘ईसीनेट’ लॉन्च करेगा। यह चुनाव से संबंधित सभी जानकारी और सेवाओं के लिए ईसीआई का वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा।
चुनाव प्रक्रिया पर आधारित प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री
कार्यक्रम के साथ एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें भारत में चुनाव कराने की विशालता और जटिलता को दर्शाया जाएगा। साथ ही मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव संचालन को मजबूत करने के लिए ईसीआई द्वारा हाल में की गई पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
पहले दिन ‘इंडिया डिसाइड्स’ नामक एक डॉक्यूमेंट्री सीरीज भी दिखाई जाएगी
इसके अलावा सम्मेलन के पहले दिन ‘इंडिया डिसाइड्स’ नामक एक डॉक्यूमेंट्री सीरीज भी दिखाई जाएगी, जिसमें दुनिया के सबसे बड़े चुनाव- लोकसभा चुनाव 2024- के आयोजन की प्रक्रिया को प्रस्तुत किया जाएगा। (इनपुट: आईएएनएस)

supper