मध्यप्रदेश के दतिया जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों की एक जन्मदिन पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वर्दी की गरिमा तार-तार होती दिखाई दे रही है।बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाने में पदस्थ राहुल बौद्ध के जन्मदिन के मौके पर आयोजित निजी पार्टी में एक महिला डांसर को बुलाया गया था। इसी दौरान एएसआई संजीव गौड़ और अन्य पुलिसकर्मी डांसर के साथ कथित रूप से अश्लील हरकतें करते कैमरे में कैद हो गए। वीडियो सामने आते ही पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी वर्दी की मर्यादा भूलकर आपत्तिजनक व्यवहार कर रहे हैं। जिस महकमे पर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी है, उसी के कर्मचारी इस तरह की गतिविधियों में लिप्त नजर आ रहे हैं। यह घटना न केवल विभाग की छवि धूमिल करती है, बल्कि जनता के भरोसे को भी ठेस पहुंचाती है।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब सबकी नजरें वरिष्ठ अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या इस पूरे प्रकरण में संबंधित पुलिसकर्मियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।
वर्दी की आड़ में हुई इस कथित अशोभनीय हरकत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है—क्या अनुशासन केवल आम जनता के लिए है, या फिर कानून के रखवालों पर भी समान रूप से लागू होगा?
