योगी सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के तहत इलाज कराने वाले मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों को इलाज के एवज में 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
सरकार के इस फैसले का उद्देश्य मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही को रोकना और अस्पतालों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के आयुष्मान कार्डधारकों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध करा सकें। समय पर भुगतान न होने के कारण कई बार अस्पताल इलाज में टालमटोल करते थे, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को निगरानी तंत्र मजबूत करने और लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने को कहा गया है।
इस निर्णय से प्रदेश के लाखों आयुष्मान लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा और सरकारी व निजी अस्पतालों का भरोसा भी योजना पर और मजबूत होगा। सरकार का मानना है कि समयबद्ध भुगतान से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और गरीब व जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
