प्रयागराज। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। आज जोनल अधिकारी के नेतृत्व में जोन-01 के उपजोन- 01ई क्षेत्र में दो अवैध निर्माणों को सील किया गया। यह कार्रवाई सिविल लाइन्स और अशोक नगर जैसे प्रमुख इलाकों में नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माणों को लेकर की गई, जिससे अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
पीडीए से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, सिविल लाइन्स क्षेत्र में हुई। यहां वकार उल हसन द्वारा संचालित ‘मेहंदी गार्डन’ /बारात घर का उपयोग बिना मानचित्र स्वीकृति और नियमानुसार अनुमति के किया जा रहा था। पूर्व में दिए गए नोटिस और चेतावनियों के बावजूद निर्माण को वैध नहीं कराया गया था, जिसके बाद पीडीए की टीम ने स्थल को सील कर दिया।
दूसरी कार्रवाई सर्कुलर रोड, अशोक नगर क्षेत्र में की गई। यहां अशोक त्रिपाठी द्वारा किए गए अवैध निर्माण को दोबारा सील किया गया। बताया गया कि यह निर्माण पहले भी सील किया जा चुका था, लेकिन नियमों की अनदेखी करते हुए इसे फिर से उपयोग में लाया जा रहा था। इस पर पीडीए ने सख्ती दिखाते हुए पुनः सीलबंदी की कार्रवाई की।
इस अभियान के दौरान जोनल अधिकारी के साथ अवर अभियंता श्याम कृष्ण राय, संबंधित सुपरवाइजर और पीडीए की प्रवर्तन टीम मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
पीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमों के विरुद्ध किए गए निर्माणों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
