लखनऊ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को अपने कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग पर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्श आज भी देशवासियों के लिए मार्गदर्शक हैं और हम सभी को कर्तव्यपथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।उप मुख्यमंत्री ने शास्त्री के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और आज़ाद भारत को सशक्त तथा यशस्वी नेतृत्व प्रदान किया। सादगी उनकी पहचान थी और राष्ट्रहित उनके जीवन का मूल मंत्र। ‘जय जवान-जय किसान’ के अमर उद्घोष के माध्यम से उन्होंने देश को सुरक्षा, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का स्पष्ट मार्ग दिखाया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का जो संकल्प लिया गया है, वह वस्तुतः लाल बहादुर शास्त्री की उसी दूरदर्शी सोच का आधुनिक विस्तार है, जो देश को मजबूती और समृद्धि की ओर ले जाने में सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
