जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एडिशनल सीएमओ डॉ. राजीव कुमार यादव ने रविवार को सुरेरी क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अडियार सहित कोचारी, कठवतिया तथा सरायडीह स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।
रविवार को आयोजित स्वास्थ्य मेले के दौरान डॉ. यादव ने ओपीडी रजिस्टर, दवा वितरण व्यवस्था, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण कक्ष, एएनम सेंटर तथा साफ-सफाई की स्थिति की बारीकी से जांच की। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों की संख्या, उपलब्ध दवाओं तथा संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और निर्देश दिया कि स्वास्थ्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को समुचित परामर्श व उपचार उपलब्ध कराया जाए। एडिशनल सीएमओ डॉ. राजीव कुमार यादव ने बताया कि प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण जनता को उनके क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव, बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण तथा गंभीर रोगों की समय से पहचान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सरायडीह स्थित प्राथमिक विद्यालय में बन रहे आयुष्मान कार्ड के कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से बनाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके।
डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में सक्रियता देखी गई और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य मेले की व्यवस्था की सराहना की।
